PM Kisan Samman Nidhi: 9.44 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर होंगे 18,880 करोड़ रुपये
19 June 2026 • 05:17 pm

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित होगा। केंद्र सरकार के अनुसार, इस किस्त से किसानों की आय सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी तथा खेती-किसानी से जुड़े खर्चों में मदद मिलेगी।
2.18 करोड़ महिला किसानों को भी मिलेगा लाभ
पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत देश की 2.18 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार का कहना है कि यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सहारा बनी हुई है। योजना के माध्यम से पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
अब तक 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक का वितरण
पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत के बाद से अब तक किसानों के खातों में बड़ी राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। 23वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत कुल वितरण राशि 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी। केंद्र सरकार का कहना है कि इस योजना ने किसानों को आर्थिक मजबूती देने और कृषि कार्यों में सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पीएम-किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा कार्यक्रम
23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर देशभर में राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषि विज्ञान केंद्रों, आईसीएआर संस्थानों, विश्वविद्यालयों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि मंडियों, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
सरकार के अनुसार, इस आयोजन से एक करोड़ से अधिक किसानों के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता देना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि किसानों को कृषि कार्य, बीज, खाद, सिंचाई और अन्य आवश्यक जरूरतों में सहयोग देने के उद्देश्य से दी जाती है।
योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलता है, जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। किसानों की पहचान राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा योजना की गाइडलाइन के अनुसार की जाती है। राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
किसान ऐसे चेक कर सकते हैं स्टेटस
किसान पीएम-किसान पोर्टल पर जाकर अपना बेनिफिशियरी स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए किसान को अपना पंजीकरण नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है। जिन किसानों की ई-केवाईसी, बैंक खाता या आधार से जुड़ी जानकारी पूरी है, उन्हें योजना की किस्त मिलने में आसानी होती है।
केंद्र सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज और ई-केवाईसी से जुड़ी प्रक्रिया समय पर पूरी रखें, ताकि किस्त का लाभ मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

