Aacharan News
मध्यप्रदेश • about 4 hours ago Breaking

जबलपुर में देवी जागरण-भंडारे में खूनी संघर्ष: बुलेट तेज चलाने से रोकने पर धारदार हथियारों से हमला, 2 महिलाओं समेत 8 लोग घायल

26 October 2026 • 10:39 am

मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आजाद नगर से एक बेहद सनसनीखेज और दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रविवार रात करीब एक बजे देवी जागरण और भंडारे के समापन अवसर पर तेज रफ्तार बुलेट बाइक निकालने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि रास्ते से तेज रफ्तार में बाइक निकालने से रोकने पर कुछ दबंग युवकों ने भीड़ के बीच लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस वीभत्स हमले में दो महिलाओं सहित कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

तेज रफ्तार बुलेट निकालने को लेकर हुआ था विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि आजाद नगर में दुर्गा उत्सव के उपलक्ष्य में देवी जागरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएँ, बच्चे और स्थानीय नागरिक शामिल थे। इसी दौरान दो युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिल को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से भीड़ के बीच से निकालते हुए आगे बढ़े। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोककर समझाइश दी कि यहाँ छोटे बच्चे और महिलाएँ घूम रहे हैं, इसलिए बाइक धीरे चलाएं। इसी बात को लेकर दोनों युवकों की स्थानीय लोगों के साथ तीखी बहस हो गई, जिसके बाद वे धमकी देते हुए वहां से चले गए।

15-20 मिनट बाद साथियों के साथ लौटा आरोपी, धारदार हथियारों से हमला

महज 15 से 20 मिनट के भीतर ही मुख्य आरोपी समीर वंशकार अपने 6-7 साथियों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर वापस लौट आया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध हमला कर दिया। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि इस खूनी हमले में रवि गोटिया, रागिनी गोटिया, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोटिया, बिट्टू झारिया और मनीषा गोटिया गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी नहीं बख्शा गया। घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

विधायक के जाने के कुछ देर बाद हुई वारदात, पुलिस कर रही तलाश

स्थानीय पार्षद पति राजेश कुमार यादव ने बताया कि जिस देवी जागरण में यह विवाद हुआ, उसमें स्थानीय विधायक भी शामिल हुए थे, जो घटना से कुछ देर पहले ही वहां से निकले थे। उनके जाने के तुरंत बाद इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से सभी आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।