Aacharan News
सागर 24 days ago

सागर में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता: एनपी प्रजापति ने महाकाल, अयोध्या और NEET मुद्दे पर सरकार को घेरा

4 July 2026 08:42 pm

सागर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के निर्देश पर प्रदेशभर में सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस द्वारा पत्रकार वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी और जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सिविल लाइन स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

पत्रकार वार्ता जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा की अगुवाई में हुई। इसमें मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी प्रजापति मुख्य रूप से शामिल हुए और उन्होंने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

एनपी प्रजापति ने उज्जैन के महाकाल महालोक कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर दान/चढ़ावा मामले, NEET पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाकाल महालोक कॉरिडोर के निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप पहले भी सामने आए थे, जब आंधी-तूफान में सप्तऋषियों की प्रतिमाएं गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उज्जैन में जमीनों और विकास योजनाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रजापति ने कहा कि प्रदेश के मुखिया और उनके परिवार से जुड़ी जमीनों को लेकर जनता को पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े लोगों की जमीनें हैं, वहां विकास प्रोजेक्ट, हाईवे लिंक और मास्टर प्लान की दिशा तय होने जैसे सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विकास योजनाओं के जरिए जमीनों की कीमतें बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था से परेशान है।

अयोध्या राम मंदिर दान/चढ़ावा मामले को लेकर भी एनपी प्रजापति ने भाजपा और विश्व हिंदू परिषद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम के मंदिर से जुड़े दान और चढ़ावे को लेकर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, लेकिन भाजपा नेताओं की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि जब आम लोगों के मामलों में बुलडोजर चलाने की बात की जाती है, तो ऐसे मामलों में जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही है। प्रजापति ने मंदिर ट्रस्ट और चढ़ावे की गणना से जुड़े लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

NEET परीक्षा पेपर लीक मामले पर बोलते हुए एनपी प्रजापति ने कहा कि पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार परीक्षाओं के पेपर लीक होना सिस्टम की गंभीर कमजोरी है। उन्होंने कहा कि 2013 के व्यापमं घोटाले को लोग अभी भूले नहीं हैं और इसके बाद भी प्रदेश व देश में भर्ती तथा प्रवेश परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कृषि विस्तार घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला और नर्सिंग घोटाले का उल्लेख करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

किसानों के मुद्दे पर प्रजापति ने कहा कि किसान खाद, पानी, डीजल की बढ़ती कीमतों और कृषि यंत्रों की महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फसलों की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को समय पर राहत और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने सागर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध बढ़ रहे हैं और लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात 9 बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा दिखाई देने लगता है और लोग देर रात बाहर निकलने से डरने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिस शहर को पहले सुरक्षित माना जाता था, वही अब अपराध के मामलों में चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में नर्स के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना को गंभीर बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीण कांग्रेस आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील जैन, प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी, मुकुल पुरोहित, अमित रामजी दुबे, रामकुमार पचौरी, आशीष ज्योतिषी, अभिषेक गौर, सूर्या शुक्ला, हेमलता कुर्मी, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, आनंद हेला, मोंटी यादव, मनोज पवार, महेश अहिरवार, दीनदयाल तिवारी, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश और देश में धर्म, शिक्षा, किसान, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता के सवालों का जवाब सरकार को देना होगा।