जबलपुर की हिरन नदी में मिला अज्ञात शव: टी- शर्ट पर लिखा 'Just For You', कलाई पर बंधी राखी; पहचान में जुटी पुलिस
7 September 2026 • 06:33 am

जबलपुर के कटंगी थाना क्षेत्र में हिरन नदी के पुल के पास रविवार 6 सितंबर को एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कटंगी थाना पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसका रंग सांवला और चेहरा गोल है। मृतक ने काले रंग की फुल टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। टी-शर्ट पर अंग्रेजी में बड़े अक्षरों से ‘Just For You’ लिखा हुआ है। पुलिस के मुताबिक शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण फूल गया है, जिससे पहचान में भी परेशानी हो रही है।
मृतक की कलाई पर राखी बंधी हुई मिली है, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या ऐसा अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस अब आसपास के थाना क्षेत्रों और निकटवर्ती गांवों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और संदिग्ध रूप से लापता व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मौत हादसे, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। कटंगी थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक के हुलिए, कपड़ों या कलाई पर बंधी राखी के आधार पर उसकी पहचान करता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दे।

