छतरपुर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या: ₹2 हजार की इनामी ननद गिरफ्तार; सास, ससुर, पति और जेठ पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
24 October 2026 • 03:24 pm

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दहेज प्रताड़ना और हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के भगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और हत्या के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई आरोपी मृतका की ननद सीमा अहिरवार है, जिस पर पुलिस ने 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इस मामले में मृतका की सास, ससुर, पति और जेठ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
एक साल पहले हुई थी शादी, कुएं में मिला था शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवपुर गांव की रहने वाली उमा अहिरवार की शादी करीब एक साल पहले टिगरी गांव के रहने वाले नरेंद्र अहिरवार के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज के लिए उमा को प्रताड़ित करने लगे थे। घटना वाले दिन उमा और उसका पति घर पर ही मौजूद थे, तभी अचानक ऐसी परिस्थितियां बनीं कि टिगरी गांव के ही एक कुएं से उमा अहिरवार का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया था और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के खातिर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूतों से खुला हत्या का राज
पुलिस की प्रारंभिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हो गया कि उमा की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की गई थी। इस जघन्य अपराध में ससुराल पक्ष के कुल पांच लोगों की मुख्य भूमिका सामने आई। चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद या शुरुआती कार्रवाई में ही पकड़ लिया था, लेकिन ननद सीमा अहिरवार लगातार फरार चल रही थी।
फरचल चल रही इनामी ननद को छतरपुर से किया गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार चल रही ननद सीमा अहिरवार की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। भगवां थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सीमा छतरपुर शहर के आसपास छिपी हुई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। पुलिस ने 23 अक्टूबर को आरोपी सीमा अहिरवार को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य बचे हुए बिंदुओं पर भी गहराई से छानबीन कर रही है ताकि अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके।

