Aacharan News
सागर 2 days ago Breaking

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त: दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, नशामुक्ति अभियान चलाएगा प्रशासन

9 September 2026 02:56 pm

सागर। जहरीली शराब कांड के बाद सागर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को बेहद दुखद और गंभीर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने जहरीली शराब और इससे जुड़े गंभीर अपराधों को लेकर कड़े कानूनी प्रावधान किए हैं, जिनमें दोष सिद्ध होने पर फांसी तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को जिले में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध शराब सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकारी या अन्य जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस गंभीर घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस मामले को भाजपा-कांग्रेस की राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह एक गंभीर सामाजिक विषय है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज को भी आगे आकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में अपनी भूमिका निभानी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जड़ों पर प्रहार करना है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।