Aacharan News
दमोह 27 days ago

सरकारी आवास में तेंदूखेड़ा CEO की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

1 July 2026 10:43 am

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से मंगलवार सुबह एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई। तेंदूखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष बागरी सरकारी आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, करीब 42 वर्षीय मनीष बागरी सोमवार रात भोजन करने के बाद अपने सरकारी आवास पर सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे तक जब वे कमरे से बाहर नहीं आए, तो कर्मचारियों को चिंता हुई। इसके बाद कर्मचारी आवास पहुंचे, जहां वे बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने के बाद मनीष बागरी के परिजन जबलपुर से तेंदूखेड़ा पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सरकारी आवास का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि मनीष बागरी मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे और आमतौर पर जबलपुर से दमोह के तेंदूखेड़ा अप-डाउन करते थे। सोमवार रात वे सरकारी आवास पर ही रुके थे। सुबह उनकी अचानक मौत की खबर से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।