Aacharan News

दमोह की बेटी मुस्कान पटेल का Assam Rifles में चयन, पूरे मध्य प्रदेश से बनीं एकमात्र चयनित बेटी

6 June 2026 07:50 pm

मध्यप्रदेश के दमोह जिले के ग्राम मुड़िया की प्रतिभाशाली बेटी मुस्कान पटेल, पिता श्री सुनील पटेल, ने अपनी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और समर्पण के बल पर भारत के प्रतिष्ठित अर्धसैनिक बल Assam Rifles में चयन प्राप्त कर जिले, प्रदेश एवं परिवार का नाम गौरवान्वित किया है।

मुस्कान पटेल बचपन से ही खेलों, विशेषकर कराटे के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी हैं और जिला, संभाग, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में शानदार उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। खेल के प्रति उनकी निष्ठा, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प ने उन्हें इस महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचाया है।

विशेष गौरव की बात यह है कि पूरे भारत में कराटे खिलाड़ियों के कोटे से केवल दो बेटियों का चयन Assam Rifles के लिए हुआ है, जिनमें एक नाम मध्य प्रदेश की मुस्कान पटेल का है, जबकि दूसरी बेटी अरुणाचल प्रदेश से चयनित हुई है। इतना ही नहीं, Assam Rifles में चयनित होने वाली मुस्कान मध्य प्रदेश की एकमात्र बेटी हैं, जिसने प्रदेश का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है।

मुस्कान की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे दमोह जिले, मध्य प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मुस्कान पटेल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।