AAP छोड़ते ही राघव चड्ढा के 14 लाख इंस्टाग्राम-फॉलोअर्स घटे
25 April 2026 • 02:18 pm
चंडीगढ़: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने के बाद उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में तेज गिरावट देखने को मिली है। आम आदमी पार्टी से अलग होने के बाद उनके सोशल मीडिया प्रभाव पर असर पड़ा है। पहले जहां उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 12.1 मिलियन रह गई है। 24 अप्रैल को राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के सात सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे। सोशल मीडिया पर आप के सबसे लोकप्रिय नेताओं में गिन जाने वाले राघव चड्ढा के इस फैसले के बाद उनके फॉलोअर्स घटना शुरू हो गए। उनके कई फॉलोअर्स ने उन्हें अनफॉलो कर दिया। उन्होंने एक दिन से भी कम समय में 1.1 मिलियन फॉलोअर्स खो दिए थे। वहीं 30 अप्रैल तक उन्होंने 2.5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स खो दिए।

अभी आप के दिग्गज नेताओं से ज्यादा फॉलोअर्स
जब राघव चड्ढा ने आप छोड़ने की घोषणा की थी तब उनके लगभग 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे। लेकिन 30 अप्रैल तक उनके फॉलोअर्स की संख्या घटकर 12.1 मिलियन रह गई। ऐसे में उन्होंने पिछले 6 दिनों में 2.5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्सखो दिए है। 37 वर्षीय राघव साल 2022 में 33 वर्ष की आयु में राज्यसभा के सबसे कम उम्र के सदस्य बने थे। राघव चड्ढा ने भले ही ढाई मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स खो दिए हो लेकिन उनके फॉलोअर्स की संख्या अभी भी आप के सभी दिग्गज नेताओं अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, भगवंत मान और संजय सिंह के कुल फॉलोअर्स की संख्या से अधिक है।

ध्रुव राठी ने लगाए फेक फॉलोअर्स खरीदने के आरोप
मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी ने इस बीच आरोप लगाया है कि राघव चड्ढा ने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बॉट्स यानी फेक अकाउंट्स का सहारा लिया है।
ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर Raghav Chadha Buying FAKE Followers! नाम से एक वीडियो बनाया है।
ध्रुव ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि राघव चड्ढा की प्रोफाइल पर यदि आप ध्यान से देखें, तो फॉलोअर्स की लिस्ट में आपको बहुत सारे ऐसे अकाउंट्स दिखेंगे जिनकी न तो कोई प्रोफाइल पिक्चर है और न ही कोई पोस्ट।
सबसे बड़ी बात यह है कि अबाउट दिस अकाउंट सेक्शन में चेक करने पर पता चलता है कि ये अकाउंट्स इसी महीने यानी अप्रैल 2026 में ही बनाए गए हैं, ठीक उसी वक्त जब उनके अनफॉलो होने की संख्या तेजी से बढ़ रही थी।
राघव चड्ढा ने बताई थी आप छोड़ने की वजह
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ने की वजहबताते हुए कहा था कि उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट का स्थिर करियर छोड़कर अपने युवावस्था के लगभग 15 साल आम आदमी पार्टी को दिए। उनका राजनीति में कदम किसी महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक उद्देश्य के साथ था। उन्होंने यह भी दावा किया कि अब पार्टी पहले जैसी नहीं रही और बदल चुकी है। उनके अनुसार यह अब जहरीली हो गई है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर काम करने और अपनी बात रखने की आजादी सीमित हो गई है, यहां तक कि उन्हें काम करने, बोलने और संसद में अपनी आवाज उठाने से भी रोका जाता है।

