लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार की रिश्वत लेते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
4 May 2026 • 04:41 pm

दमोह | दिनांक 04 मई 2026
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के पालन में, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में लोकायुक्त सागर संभाग द्वारा एक सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया (36 वर्ष), जो प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं, से निलंबन अवधि से बहाली एवं विभागीय जांच समाप्त कराने के एवज में 80,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस संबंध में आवेदक द्वारा लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत का सत्यापन उपरांत, दिनांक 04 मई 2026 को लोकायुक्त टीम ने दमोह-जबलपुर मुख्य मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपियों को 80,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार साहू (40 वर्ष), माध्यमिक शिक्षक, माध्यमिक शाला भूरी संकुल उर्दू स्कूल, दमोह, मनोज कुमार श्रीवास्तव (58 वर्ष), सहायक ग्रेड-2, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, दमोह तथा नीरज कुमार सोनी (45 वर्ष), सहायक ग्रेड-3, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, दमोह हैं।
लोकायुक्त टीम में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नोट: सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत हेतु हेल्पलाइन नंबर 8435794333 पर संपर्क किया जा सकता है।

