Aacharan News
सागर about 1 month ago

सागर में घूम रहा जिलाबदर का अपराधी गिरफ्तार: 8 जिलों में प्रवेश पर था प्रतिबंध

2 May 2026 11:41 am

सागर में जिलाबदर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन कर शहर में घूम रहा था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अक्कू उर्फ आकाश (32) निवासी 14 मुहाल सदर बाजार को 27 फरवरी को जिला दंडाधिकारी द्वारा 6 माह के लिए जिलाबदर किया गया था। जिलाबदर अवधि के दौरान आरोपी को सागर सहित टीकमगढ़, दमोह, रायसेन, छतरपुर, नरसिंहपुर, विदिशा और अशोकनगर जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे।

यूपी के ललितपुर में छोड़ा गया था आरोपी

आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले की सीमा में छोड़ा था और बिना अनुमति वापस न आने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद आरोपी आदेश का उल्लंघन कर सागर आ गया और सदर बाजार क्षेत्र में अपने घर के आसपास घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिलाबदर आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।