जी 7: पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, व्हाइट हाउस में बैठा भारतीयों का दोस्त: ट्रम्प
18 June 2026 • 09:40 am

वॉशिंगटन - जी 7 में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस बातचीत के दौरान ट्रंप ने ऐलान कर दिया है कि वो भारत दौरे पर आएंगे. उन्होंने भारत दौरे का वक्त नहीं बताया लेकिन कहा है कि वो जल्द ही भारत आएंगे. इसके साथ ही वो बार-बार ये बात दोहराते दिखाई दिए कि भारत के लिए उनके दिल में कितनी खास जगह है और वो भारतीयों से कितना प्यार करते हैं. ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए कह दिया है जब तक वो व्हाइट हाउस में बैठे हैं, भारतीयों कोई दिक्कत नहीं होगी.
ट्रंप ने याद किया पिछला भारत दौरा
ट्रंप ने भारत आने का ऐलान करते हुए अपने 2020 भारत दौरे का भी जिक्र किया, वो 24 फरवरी 2020 को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आए थे, तब उन्होंने अहमदाबाद के मशहूर मोटेरा स्टेडियम का दौरा किया था. इसी स्टेडियम के बारे में बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उस स्टेडियन के अंदर और बाहर करोड़ों लोग मौजूद थे, वो रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा है. मुझे भारत आकर बहुत अच्छा लगा था. इसके बाद ट्रंप से इस रिपोर्टर ने पूछा कि बीते कुछ दिनों में भारतीयों के अंदर अमेरिका को लेकर पैदा हुए अविश्वास पर वो क्या कहना चाहेंगे. इस पर जवाब देते ट्रंप ने कहा कि 'जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, भारतीयों के लिए व्हाइट हाउस में एक सच्चा दोस्त बैठा हुआ है. ट्रंप ने आगे कहा कि 'मुझे नहीं पता कि ये अविश्वास कहां से आ रहा है क्योंकि मैं जानता हूं कि हम सभी भारत और भारतीय लोगों से बहुत प्यार करते हैं. अमेरिका में पीएम मोदी के लिए बहुत सम्मान है.

