Aacharan News

दूसरा मौका: 5वीं-8वीं की परीक्षा 16 जून से

3 June 2026 03:26 pm

सागर। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 5वीं और 8वीं की मुख्य परीक्षा में असफल रहे छात्रों को एक और सुनहरा मौका दिया है। विभाग ने दोनों कक्षाओं की पुनः परीक्षा के लिए संशोधित टाइम-टेबल जारी कर दिया है, जिसके तहत आगामी 16 जून से परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इस दूसरे अवसर में सागर जिले के कुल 6585 विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनमें कक्षा 5वीं के 3109 और कक्षा 8वीं के 3476 छात्र शामिल हैं, जो मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए थे। यह परीक्षा 16 जून से शुरू होकर 23 जून तक चलेगी, जिसका समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद 24 से 28 जून तक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा किया जाएगा।

गौरतलब है कि 25 मार्च को जारी वार्षिक परीक्षा परिणाम में सागर जिला कक्षा 5वीं में प्रदेश में 44वें स्थान पर रहा था, जहां कुल 40 हजार 416 विद्यार्थियों में से 37307 पास हुए और सफलता का प्रतिशत 92.31% रहा। वहीं कक्षा 8वीं में जिला 46वें स्थान पर रहा, जहां कुल 36 हजार 894 छात्रों में से 33418 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और सफलता का प्रतिशत 90.58% दर्ज किया गया। डीपीसी ने बताया कि जो विद्यार्थी फेल हुए थे या किसी कारणवश मुख्य परीक्षा नहीं दे सके थे, वे सभी इस परीक्षा में बैठ सकते हैं। अप्रैल माह में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही इन छात्रों के लिए विशेष तैयारियां कराई जा चुकी हैं। वर्तमान में स्कूलों में 7 जून तक अवकाश घोषित है और शिक्षक जनगणना कार्य में व्यस्त हैं। ऐसे में यदि विद्यार्थियों को पढ़ाई में कोई समस्या आती है, तो वे सीधे शिक्षकों के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर समाधान पा सकते हैं।

परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल:

कक्षा 5वीं का शेड्यूल:

16 जून: पहली भाषा- अंग्रेजी, हिन्दी, उर्दू, मराठी।

18 जून: गणित व संगीत (दृष्टिबाधित छात्रों के लिए)।

19 जून: द्वितीय भाषा- अंग्रेजी (जिनकी पहली भाषा हिन्दी/उर्दू/मराठी है) अथवा हिन्दी (जिनकी पहली भाषा अंग्रेजी है)।

20 जून: पर्यावरण अध्ययन।

22 जून: अतिरिक्त भाषा- हिन्दी, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, चित्रकला (मूक बधिर परीक्षार्थियों के लिए)।

कक्षा 8वीं का शेड्यूल:

16 जून: प्रथम भाषा- (सहायक वाचन सहित) हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मराठी।

18 जून: गणित अथवा संगीत (दृष्टिबाधितों हेतु)।

19 जून: द्वितीय भाषा- अंग्रेजी (जिनकी पहली भाषा हिंदी/उर्दू/मराठी है) अथवा हिंदी (जिनकी पहली भाषा अंग्रेजी है)।

20 जून: विज्ञान।

22 जून: तृतीय- संस्कृत, हिन्दी, अरबी, मराठी, उड़िया, पंजाबी, गुजराती, चित्रकला (मूकबधिरों के लिए)।

23 जून: सामाजिक विज्ञान।