नीट री-एग्जाम की व्यापक तैयारियां, 5 परीक्षा केंद्र बने, परीक्षार्थियों की धड़कनें तेज
18 June 2026 • 10:40 pm

सागर। दो दिन बाद 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा को लेकर सागर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले में परीक्षा की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने और परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। सिटी कोऑर्डिनेटर मनीष गुप्ता ने बताया कि सागर शहर में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें आर्मी पब्लिक स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 (कैंट), शासकीय कन्या स्वशासी पीजी कॉलेज (बस स्टैंड के पास) और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-3 (राजघाट रोड) शामिल हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों के बाहर अभिभावकों के बैठने के लिए वॉटरप्रूफ टेंट, छाया, शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज और ओआरएस की अनिवार्य व्यवस्था की गई है, साथ ही प्रत्येक केंद्र पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ एम्बुलेंस की ड्यूटी भी लगाई गई है। गौरतलब है कि पेपर लीक विवादों के साए से बाहर निकलते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और सरकार इस बार परीक्षा को पूरी तरह फूलप्रूफ और सुरक्षित बनाने के लिए देशव्यापी स्तर पर अभूतपूर्व कदम उठा रही है। आमतौर पर जिस नीट परीक्षा को कराने में 5 महीने का समय लगता है, उसे एनटीए इस बार महज 37 दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा कर रहा है। समय की कमी और सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए देश के इतिहास में पहली बार इंडियन एयरफोर्स की मदद ली गई है, जिसके विमानों और हेलीकॉप्टरों ने सिर्फ 4 दिनों में 200 से अधिक उड़ानें भरकर देश-विदेश के सेंटर्स तक गोपनीय तरीके से पेपर पहुंचाए हैं। इसके साथ ही सीआरपीएफ , सीआईएसएफ और स्थानीय प्रशासन को भी सुरक्षा में शामिल किया गया है। इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए हाई-टेक डिजिटल लॉकिंग और रियल-टाइम जीपीएस ट्रैकिंग वाले बॉक्स का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर इन बॉक्स के साथ कोई भी मामूली छेड़छाड़ की कोशिश करेगा, तो दिल्ली स्थित मुख्य कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट चला जाएगा।परीक्षा केंद्रों के भीतर भी हर फेज की सीसीटीवी कैमरों से पैनी निगरानी की जाएगी और एएसआई या हेड कांस्टेबल स्तर के जिम्मेदार पुलिस अधिकारी सुरक्षा कमान संभालेंगे। परीक्षा केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त, पेपर लीक की अफवाहों और फर्जी दावों को रोकने के लिए सरकार ने 22 जून 2026 तक पूरे देश में टेलीग्राम ऐप पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है और इसके 'मैसेज एडिट फीचर' को भी 30 जून तक ब्लॉक रखा गया है, ताकि साइबर अपराधी पुराना मैसेज एडिट करके छात्रों को गुमराह न कर सकें।
परीक्षार्थियों में ऊहा- पोह की स्थिति, धड़कनें बढ़ीं
इस दोबारा होने जा रही परीक्षा को लेकर सागर के अभ्यर्थियों के मन में उत्साह के साथ-साथ चिंता और मानसिक तनाव भी देखा जा रहा है। सागर की अभ्यर्थी सोनाली पटेल ने बताया कि उन्होंने पहली परीक्षा में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था और पेपर भी आसान लगा था, ऐसे में दोबारा परीक्षा की खबर उनके लिए एक बड़ा झटका थी। कोई भी छात्र अच्छा स्कोर आने के बाद फिर से परीक्षा नहीं देना चाहता, लेकिन अब नियमों का पालन करना ही होगा। अभ्यर्थियों के मन में यह आशंका भी है कि इस बार प्रश्नपत्र पहले की तुलना में कठिन आ सकता है, जिसके अनुसार वे अपनी रणनीति बना रहे हैं। हालांकि, अभ्यर्थियों का मानना है कि यदि पेपर कठिन हुआ तो कटऑफ में भी कमी आ सकती है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर कुछ कम हो सकता है। फिलहाल, तमाम प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच छात्र अपने अंतिम सप्ताह की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

