Aacharan News
छतरपुर about 1 month ago

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, 5 लोग गंभीर घायल

18 June 2026 10:49 pm

छतरपुर- जिले के ग्राम कैड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रतन कुशवाहा, सूरज कुशवाहा, सत्यम कुशवाहा, रवींद्र पटेल और रवि गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार रतन कुशवाहा और सूरज कुशवाहा के पैर टूट गए हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक बब्लू यादव, निवासी ग्राम भगवंतपुरा, तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हादसे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।