Aacharan News
सागर 5 days ago

चोरों के निशाने पर 33 केवी बिजली लाइन

8 June 2026 02:58 am

शाहगढ़। बीती देर रात शाहगढ़ और बीला दो थाना सीमावर्ती क्षेत्र में 33 केवी बिजली लाइन से तार चोरी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात ने शाहगढ़ क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दो दिन के लिए बाधित हो गई। अज्ञात चोरों ने करीब 13 बिजली पोल गिराकर तोड़ दिए और पांच पोल का चोरी किया तार जंगल में छिपा कर भाग गए। जेई रवि सोलंकी द्वारा बीला और शाहगढ़ थाने में दी गई सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना 6 और 7 जून की रात करीब 9 बजे हाईवे स्थित पठानवली घाटी से होकर शासन गांव के बीच हुई। शिकायतकर्ता ने दोनों थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चोरों ने इसी 33 केवी लाइन के करीब 5 पोलों से बिजली तार (डॉग कंडक्टर) काटकर चोरी कर लिए थे लेकिन चोर तार को ले जानें में असमर्थ रहे और चोरी किया गया तार जंगल में छिपा मिला जो बरामद किया। चोरों ने लगभग 13 बिजली पोलों को भी गिराकर तोड़ दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। बिजली विभाग के जेई रवि सोलंकी ने बताया कि वारदात के समय लाइन में बिजली सप्लाई चालू थी। इसके बावजूद चोरों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस घटना के कारण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

शाहगढ़ और बीला दोनों सीमावर्ती की थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है।

शाहगढ़ की बिजली आपूर्ति आज भी होगी बाधित: शनिवार-रविवार की दरमियानी रात को अज्ञात लोगों द्वारा 33 केवी लाइन की चोरी और पोल गिरने से शाहगढ़ क्षेत्र की बिजली आपूर्ति आज सोमवार को भी बाधित रहेगी। अचानक बिजली आपूर्ति बंद होने से पूरा क्षेत्र में त्राहि-त्राहि मच गई। पेयजल, सहित दैनिक कार्य प्रभावित होने पर हर परिवार चिंतित देखा गया। कई बड़े घर में किराए के जनरेटर से पानी की आपूर्ति और पंखा कूलर चलाकर गर्मी से निजात पाया। गरीब तबके का परिवार पीने के पानी के लिए इधर उधर तलाश करते हुए देखा गया। कोई मोबाइल चार्ज कराने प्रयास करते हुए देखा गया। नगर एक ही चर्चा का दौर चलता रहा की अभी एक दिन की बिजली आपूर्ति बंद होने से भयावह स्थिति बनी हुई है अभी दो दिन और भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थिति और भी खराब बनेगी। लोगों को इस समस्या से जल्द से जल्द उभारा जाए जिसके लिए बिजली विभाग का अमला तेज धूप में भी पोल खड़े करने और 33 केवी लाइन को लगाने जुटा हुआ देखा है।, 13 सभी पोल खड़े करने और लाइन लगाने में दो दिन का समय लगेगा।