Aacharan News
राजनीति 5 days ago Breaking

ममता बनर्जी के 28 में से 20 लोकसभा सांसद टूटे:NDA का समर्थन करेंगे, स्पीकर को जानकारी दी; CM अधिकारी TMC सांसदों से मिलने पहुंचे

8 June 2026 03:23 pm

कोलकाता - विधायकों के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने भी ममता का साथ छोड़ दिया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, लोकसभा के 28 सांसदों में से 20 ने एनडीए सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है।

सांसद और TMC की पूर्व नेता काकोली घोष दस्तीदार ने भी सोमवार को यही दावा किया। उन्होंने बताया कि 20 सांसदों ने NDA को समर्थन देने की जानकारी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को दे दी है। पत्र में TMC के बागी सांसदों से अलग बैठने की भी बात कही गई है।

TMC सांसद शताब्दी रॉय के घर बागी सांसदों की बैठक चल रही है, इसमें जून मालिया, बापी हलदर, अबू ताहिर खान और असित कुमार मल समेत कई सांसद मौजूद हैं। बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी उनके घर सांसदों से मिलने पहुंचे हैं।

इससे पहले इनमें से 11 सांसदों ने सोमवार दोपहर केंद्रीय मंत्री और BJP के बंगाल प्रभारी भूपेंद्र यादव के घर पर मीटिंग की। इस दौरान बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी भी इनसे मिलने पहुंचे थे।

लोकसभा में TMC के अभी 28 और राज्यसभा में 13 सांसद हैं। इससे पहले 3 जून को बंगाल के 80 में से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं। इस गुट ने ऋतब्रत को अपना नेता बनाया है।

TMC सांसदों की एक बैठक देर रात भी हुई, फोटो खींचने पर बहस

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, टीएमसी के 20 सांसदों की रविवार देर रात दिल्ली के एक अज्ञात स्थान पर अनौपचारिक बैठक भी हुई। इसमें सांसदों ने मौजूदा नेतृत्व व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया।

सोमवार को इस बैठक की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई। कई TMC सांसद एक मेज के आसपास बैठे दिखाई दे रहे हैं। उस समय एक सांसद के फोटो खींचने पर विवाद भी हुआ। इसमें सुखेंदु शेखर रे भी बैठे दिखाई दे रहे हैं।