Aacharan News
सागर 5 days ago Breaking

सागर में जहरीली शराब का कहर: 2 दिन में 12 लोगों की मौत, 25 मरीज भर्ती; 5 अधिकारी सस्पेंड, 20 आरोपियों पर FIR

6 September 2026 06:27 pm

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 12 हो गया है। इनमें तीन लोगों की मौत शनिवार देर रात हुई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल 25 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें 17 मरीज सागर जिला अस्पताल, 7 बंडा सिविल अस्पताल और एक मरीज एम्स भोपाल में भर्ती है। गंभीर हालत को देखते हुए एक मरीज को एयरलिफ्ट कर भोपाल ले जाया गया है।

कई प्रभावित मरीजों के शरीर नीले पड़ने की बात भी सामने आई है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए बंडा सिविल अस्पताल लाए गए हैं। कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।

20 आरोपियों पर नामजद FIR, 10 पुलिस अभिरक्षा में

मामले में पुलिस ने कुल 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। बंडा थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 10 लोगों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

वहीं, विनायका थाने में भी आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है।

एसपी अनुराग सुजानिया के निर्देश पर पुलिस अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

लापरवाही पर आबकारी और पुलिस विभाग के 5 अधिकारी सस्पेंड

जहरीली शराब की घटना के बाद प्रशासन ने लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी और पुलिस विभाग के पांच अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है।

इनमें सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते, बंडा की आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते, गूगरा चौकी प्रभारी एसी पूरन सिंह और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।

इसके अलावा संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरज श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे कमिश्नर-आईजी

मौतों की जानकारी मिलने के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

अधिकारियों ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

एहतियातन 7 शराब दुकानें सील

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की सात शराब दुकानों को सील कर दिया है। इनमें बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा की शराब दुकानें शामिल हैं।

इन दुकानों से शराब के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क की जांच

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मामला नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव से जुड़ा है। शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे प्रशासन को जहरीली शराब पीने के बाद लोगों के बीमार होने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही प्रभावित गांवों में मेडिकल टीमों ने लोगों की स्क्रीनिंग शुरू की। जिन लोगों में संदिग्ध लक्षण पाए जा रहे हैं, उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज यानी बीएमसी भेजा जा रहा है।

करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया। इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर मरीजों को बीएमसी और सागर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने बीएमसी में संदिग्ध मरीजों के उपचार के लिए अलग से बेड की व्यवस्था भी की है।

पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन का शक

कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, दो से तीन शवों के पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका सामने आई है।

कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं और उनमें अकड़न भी महसूस की गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं।

यूपी के ललितपुर से शराब सप्लाई होने की आशंका

एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि शुरुआती जांच में जहरीली शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने की बात सामने आई है।

कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ललितपुर में भी इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

एसपी ने बताया कि एहतियात के तौर पर इलाके की सात शराब दुकानों को सील किया गया है और वहां से भी नमूने लिए जा रहे हैं। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी सहित कई अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात की।

रिश्तेदार का दावा- शराब पीने के आधे घंटे बाद हुई मौत

बम्हुराबेड़ा निवासी रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके चचेरे भाई समेत गांव में चार लोगों की मौत हुई है।

रामकुमार के मुताबिक, पहले दिन एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि दूसरे दिन तीन लोगों ने दम तोड़ा। उनका दावा है कि तीन लोगों ने एक साथ शराब पी थी। शराब पीने के बाद उनके शरीर अचानक ठंडे पड़ने लगे और करीब आधे घंटे के भीतर उनकी मौत हो गई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई रवाना होने से पहले घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस तरह के मामलों को बर्दाश्त नहीं करेगी और घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जीतू पटवारी ने सरकार से पूछे सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी सागर में जहरीली शराब के कारोबार को कथित सरकारी संरक्षण मिलने का मुद्दा उठा चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि जहरीली शराब का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है और शराब माफिया बेखौफ क्यों हैं।

उमंग सिंघार ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मरीजों से की मुलाकात

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जहरीली शराब से प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

सिंघार ने कहा कि मरीजों के शरीर नीले पड़ने और बेहद कम समय में लोगों की मौत होने की बात भयावह है। उन्होंने इसे अवैध शराब के कारोबार और प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ा गंभीर मामला बताया।

राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने भी सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश करने की मांग की।

पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने मांगा 1 करोड़ रुपए मुआवजा

बंडा के पूर्व कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है।

उन्होंने मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग भी की।

तरवर सिंह लोधी का दावा है कि पिछले तीन से चार दिनों के दौरान हजारों लोगों ने यह शराब पी है।

पूर्व विधायक सुनील जैन बोले- पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है पूरी कांग्रेस

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि इस दुखद घटना की घड़ी में समस्त सागर कांग्रेस परिवार पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस के पदाधिकारी प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार देने की मांग की। सुनील जैन ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दि से लाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती रहेगी।