Aacharan News
देश-विदेश about 1 month ago

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, 14 लोगों की मौत की खबर; कई घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

22 June 2026 12:43 pm

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर वाली इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत के अंदर मौजूद छात्रों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ताजा जानकारी के अनुसार इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, इमारत में कोचिंग सेंटर/लाइब्रेरी संचालित हो रही थी। अचानक आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। आग और धुएं के बीच फंसे कई छात्रों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग, SDRF और अन्य रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। रेस्क्यू टीमों ने इमारत के कमरों और वॉशरूम तक में तलाशी अभियान चलाया, क्योंकि आशंका जताई जा रही थी कि कुछ लोग धुएं के कारण अंदर फंस सकते हैं।

हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है। घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाने, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे ने कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।