Aacharan News
सागर about 2 hours ago Breaking

केसली में मुख्यमंत्री ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपए की 37वीं किस्त अंतरित की

15 June 2026 08:55 am

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इस दौरान सागर जिले की 4 लाख 15 हजार से अधिक बहनों के खातों में 61.14 करोड़ रुपए पहुंचे। हितग्राही बहनों को 37वीं किस्त के रूप में 1500 रुपए की राशि प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत आधार बनी है। मातृशक्ति का आशीर्वाद सरकार के लिए संबल है और महिलाओं की सहभागिता से मध्यप्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बहनें योजना से मिली राशि का उपयोग परिवार के संचालन और आवश्यकताओं की पूर्ति में कर रही हैं, जिससे उनके सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 190.85 करोड़ रुपए की लागत के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 68.83 करोड़ रुपए की लागत से बने 25 कार्यों का लोकार्पण और 122.02 करोड़ रुपए की लागत के 28 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केसली में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने केसली में सांदीपनि विद्यालय सेकंड फेज का कार्य शुरू करने, चिरचिटा सुखजू हाई स्कूल सहित देवरी, नाहरमऊ और नन्ही देवरी हाई स्कूलों के उन्नयन, देवरी में 100 बिस्तरों का अस्पताल स्टाफ सहित शुरू करने, कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंतिबाई के नाम पर रखने और देवरी में प्याज-लहसुन खरीदी केंद्र बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लगभग 550 करोड़ रुपए की थावरी जलाशय योजना को स्वीकृति देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कृषि के क्षेत्र में नई क्रांति आएगी।

उन्होंने शासकीय महाविद्यालय देवरी में विज्ञान संकाय और कला संकाय में राजनीति विषय शुरू करने, केसली महाविद्यालय में कला एवं वाणिज्य संकाय में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, देवरी नगर का नाम देवपुरी करने, देवखंडेराव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा गौरझामर और केसली ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों के साथ पारंपरिक खेल सितोलिया खेलकर ‘लाड़ली बहना खेल सप्ताह’ का शुभारंभ किया। यह खेल सप्ताह 14 जून से 21 जून 2026 तक ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को खेल, योग और पारंपरिक गतिविधियों से जोड़कर उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। जल निगम की देवरी-केसली समूह जल प्रदाय योजना, उद्यानिकी विभाग के सहजन उत्पाद, कृषि विभाग के जैविक उत्पाद, एनआरएलएम के डेयरी उत्पाद, वन विभाग की औषधीय पौधों और तेंदूपत्ता संग्रहण प्रदर्शनी सहित आदिम जाति कल्याण विभाग की माता शबरी आधारित प्रदर्शनी को उन्होंने सराहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी और प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए हितग्राही को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

केसली आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक लोकनृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के बीच पहुंचकर पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, ब्रज बिहारी पटेरिया, वीरेंद्र सिंह लोधी, निर्मला सप्रे, महापौर संगीता तिवारी, संभागायुक्त अनिल सुचारी, डीआईजी एस.एस. चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।