शिवपुरी में दिल दहला देने वाली वारदात: नाबालिग पर जानलेवा हमला, गले में फंदा डालकर छत से लटकाने का आरोप
6 June 2026 • 08:57 pm

शिवपुरी- जिले के खोड़ चौकी अंतर्गत चंदावनी गांव में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की पर गांव के ही युवक द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर छत से लटका दिया। गंभीर हालत में लड़की को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही धर्मेंद्र परिहार का नाम लंबे समय से नाबालिग लड़की के साथ जोड़ा जा रहा था। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी, जिसके बाद गांव में पंचायत आयोजित कर मामला शांत कराया गया था। पंचायत में युवक को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की समझाइश दी गई थी।
शुक्रवार सुबह लड़की के माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी युवक उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि घर में अकेली मौजूद लड़की पर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बचने के लिए लड़की छत की ओर भागी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि युवक ने लड़की के गले में रस्सी बांधकर उसे छत से लटका दिया। कुछ देर बाद वह उसे नीचे पटककर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी लगते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल लड़की को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने खोड़-सिरसौद मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्यवाही, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। करीब दो घंटे तक चले जाम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग भी की गई।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार शुभम गर्ग और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उनकी मांगों का लिखित आवेदन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
मामले को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी लड़की से एकतरफा प्रेम करता था और इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार और उसके पिता अजब सिंह परिहार को हिरासत में ले लिया है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि प्रकरण में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

