Aacharan News
सागर 14 days ago Breaking

सागर में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, बुलडोजर चलाकर हटाए निर्माण

30 May 2026 06:30 am

सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। शुक्रवार को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम भैंसा और पगारा में पहुंचकर अवैध निर्माणों को हटाया और कई निर्माण कार्यों पर रोक लगाई।

यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सागर अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासनिक अमले के साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसा में खसरा नंबर 138 पर एएनए बिल्डर द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। बताया गया कि इस कॉलोनी का विकास पार्टनर सिमरजीत सिंह, आशु और अमरदीप के माध्यम से किया जा रहा था। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

इसके अलावा ग्राम पगारा स्थित खसरा नंबर 831 में लाल जैन द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां चल रहे निर्माण कार्यों को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई गई।

प्रशासन का कहना है कि बिना वैधानिक अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध कॉलोनाइजर्स और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राहुल गौड़, नितिन यादव, संजय जैन, निरंजन कुर्मी, आशुतोष गौतम, पटवारी उमाशंकर पांडे सहित राजस्व अमला और कैंट थाना पुलिस बल मौजूद रहा।