Aacharan News
टीकमगढ़ 4 days ago

मुस्कान अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता, गुरुग्राम से सुरक्षित दस्तयाब हुई नाबालिग बालिका

9 June 2026 11:47 am

टीकमगढ़- गुमशुदा एवं लापता बालक-बालिकाओं की सुरक्षित खोज एवं पुनर्वास के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिलेभर में मुस्कान अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदा बच्चों की शीघ्र दस्तयाबी हेतु मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एएसपी विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी राहुल कटारे के मार्गदर्शन में थाना बुडेरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। दिनांक 19 मई 2026 को थाना बुडेरा में एक महिला द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के गुम होने संबंधी सूचना दी गई थी। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना बुडेरा में प्रकरण दर्ज कर गंभीरता से विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी बुडेरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के माध्यम से नाबालिग बालिका का पता लगाते हुए उसे दिनांक 07 जून 2026 को गुरुग्राम (हरियाणा) से सुरक्षित दस्तयाब किया। बालिका को सकुशल परिजनों के संरक्षण में लाते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में विधि अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बुडेरा उनि बृजेन्द्र सिंह घोषी, उनि मयंक नगायच सायबर सेल प्रभारी, सउनि रतीराम कोदर, प्रधान आरक्षक रहमान सायबर सेल, आरक्षक संजय बुंदेला, आरक्षक चालक ब्रजप्रताप सिंह, महिला आरक्षक सुनीता, अनुशा बुंदेला एवं मोहनी खंगार की सराहनीय भूमिका रही।