पहाड़िया धाम मंदिर में चोरी
18 June 2026 • 10:52 pm

पलेरा- ग्राम पंचायत लारौन अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पहाड़िया धाम मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से श्रीराम-जानकी एवं श्रीराधा-कृष्ण की मूर्तियों सहित मंदिर की अन्य सामग्री चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह मंदिर पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को लगी, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है और मूर्तियों की चोरी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले की सूचना तत्काल थाना प्रभारी प्रीति भार्गव को देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा गया है। ग्रामीणों ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मंदिर की चोरी गई मूर्तियों और सामग्री की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

