Aacharan News
टीकमगढ़ 6 days ago

पुलिस की पहल से सकुशल मिली गुम हुई नाबालिग बालिका, आरोपी गिरफ्तार

7 June 2026 05:37 pm

टीकमगढ़। किसी बच्चे के अचानक लापता हो जाने का दर्द केवल एक घटना नहीं होता, बल्कि पूरे परिवार के लिए चिंता, भय और असहायता से भरा एक कठिन समय बन जाता है। ऐसे संवेदनशील क्षणों में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा संचालित मुस्कान अभियान केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि परिवारों की उम्मीदों को फिर से जीवित करने का मानवीय प्रयास बनकर सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिलेभर में गुमशुदा बच्चों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार सतर्कता, तकनीकी संसाधनों और मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाने के लिए समर्पित हैं। इन्हीं सतत प्रयासों का परिणाम है कि वर्ष 2026 में अब तक जिले की विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा 83 गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं को देश के विभिन्न स्थानों से सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया जा चुका है। प्रत्येक सफलता किसी परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान और उनके विश्वास की पुनर्स्थापना का प्रतीक है। इसीक्रम में थाना लिधोरा क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। परिवार की पीड़ा और चिंता को समझते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विशेष प्रयास प्रारंभ किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लिधोरा उप निरीक्षक मनोज द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास, तकनीकी विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को घुवारा जिला छतरपुर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया। बालिका को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। प्रकरण में प्राप्त तथ्यों एवं न्यायालयीन कथनों के आधार पर संबंधित आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं तथा उसे 24 घंटे में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।