Aacharan News
टीकमगढ़ 5 days ago

शासकीय महाविद्यालय में बने अटल सभागार का लोकार्पण, केंद्रीय मंत्री ने किया शुभारंभ

8 June 2026 05:36 pm

टीकमगढ़। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में जतारा विकासखंड स्थित शासकीय महाविद्यालय में सांसद निधि से 28 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल सभागार का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महाविद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं का तिलक कर सम्मान एवं पूजन करने के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कॉलेज स्टाफ के साथ अटल सभागार का विधिवत पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। सभागार के निर्माण से महाविद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के आयोजन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अटल सभागार परिसर के समीप वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक देशभर में विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष विवेक चतुर्वेदी, नगर परिषद जतारा के अध्यक्ष, शासकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महाविद्यालय का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।