ज्ञानवीर विश्वविद्यालय में ‘नो टोबैको अभियान’ के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश
4 June 2026 • 09:00 am

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ज्ञानवीर विश्वविद्यालय, सागर में तीन दिवसीय ‘नो टोबैको अभियान’ का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम “Unmasking the Appeal – Countering Nicotine and Tobacco Addiction” रही, जिसका उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों के भ्रामक प्रचार और उनकी लत के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए | कार्यक्रम में पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों ने उपस्थित जनों को तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। दुतिया दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा तंबाकू निषेध विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं एवं उसके सामाजिक दुष्प्रभावों को दर्शाया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तीन दिवसीय अभियान में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त भारत के निर्माण हेतु निरंतर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

