सागर में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार; न्यायालय ने भेजा जेल
29 June 2026 • 10:11 am

सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। मोहननगर वार्ड स्थित बिहारी मंदिर के पीछे रहने वाली 56 वर्षीय अनुराधा भट्ट ने पुलिस से शिकायत की थी कि 26 जून की रात आरोपी दरवाजे पर लात मारकर जबरन उनके घर में घुसे और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए बेटे मयंक को बाहर निकालने की बात कहने लगे।
शिकायत के अनुसार, इससे पहले दिन में आरोपी शानू उर्फ साहिल सोनी ने पुराने विवाद के चलते मयंक के साथ गाली-गलौज की थी। रात करीब 10:30 बजे शानू उर्फ साहिल सोनी और स्वपनिल उर्फ बिल्लू पाठक घर पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर विवाद करने लगे। इसी दौरान राज उर्फ राजकुमार लोधी और मोहम्मद फहीम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया।
परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़िता की शिकायत पर मोतीनगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मोहम्मद फहीम, राज उर्फ राजकुमार लोधी, शानू उर्फ साहिल सोनी और स्वपनिल उर्फ बिल्लू पाठक को गिरफ्तार किया।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

