Aacharan News
छतरपुर 20 days ago

नैनागिरि जैन तीर्थ में चोरी के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

8 July 2026 08:14 pm

छतरपुर। प्रसिद्ध दिगम्बर जैन सिद्धक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि के समवशरण जिनालय में 6-7 जुलाई की दरमियानी रात हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने नैनागिरि पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने समवशरण जिनालय सहित पर्वत, तलहटी के मंदिर समूहों और आवासीय धर्मशालाओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। एसपी ने आश्वासन दिया कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही तीर्थक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात भी कही।

इस दौरान जैन तीर्थ ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी ने पुलिस अधीक्षक को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में पिछले 15 वर्षों में तीर्थक्षेत्र में हुई चोरियों के खुलासे के लिए विशेष जांच दल यानी SIT गठित करने की मांग की गई। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर नैनागिरि पुलिस चौकी को पूर्ण पुलिस थाने में अपग्रेड करने की मांग भी रखी गई।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने समवशरण जिनालय के दानपात्र से नकदी चोरी की। साथ ही जिन प्रतिमाओं को भी चुराने का असफल प्रयास किया गया। इस घटना के बाद देशभर के जैन समाज में आक्रोश है और श्रद्धालुओं ने तीर्थक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। वहीं ट्रस्ट कमेटी और जैन समाज ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा तीर्थक्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।