Aacharan News
दमोह about 1 month ago

प्रेमिका से मिलने आए युवक पर चाकू से हमला: युवती के भाई ने किया वार; हमलावर ही घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे

7 May 2026 09:06 am

दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलाताल के पास गुरुवार दोपहर युवक पर चाकू से हमला हुआ। युवक प्रेमिका से मिलने आया था। हमलावर ही घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।

घायल युवक की पहचान कटनी जिले के रीठी थाना अंतर्गत मझगांवा निवासी जितेंद्र (25) पिता सतनामी ठाकुर के रूप में हुई है। हालांकि, पीड़ित ने हमलावरों को पहचानने से इनकार कर दिया, जिसके कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

भाई ने बहन के प्रेमी पर किया हमला

घटना के अनुसार, कटनी निवासी जितेंद्र दमोह में प्रेमिका से मिलने आया था। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। बेलाताल के पास दोनो गन्ने का रस पी रहे थे। इसी दौरान युवती के भाई को इसकी जानकारी मिल गई। वह अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचा और उसने बहन के प्रेमी जितेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया।

हमलावर युवती का भाई और उसका साथी घायल जितेंद्र को इलाज के लिए खुद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उन्होंने बताया कि युवक को लोहे की रॉड लगी है और वे उसे नहीं जानते। हालांकि, चाकू मारने वाले युवक के एक साथी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।

पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई

उसने बताया कि घायल युवक कटनी जिले का रहने वाला है और उनके दोस्त की बहन से मिलने आया था। उसने यह भी कहा कि दोस्त ने जब चाकू निकाला तो वह धोखे से युवक को लग गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को घटना की कोई जानकारी नहीं दी गई।

वहीं जब घायल से जानकारी ली गई तो उसने कहा कि वह नहीं जानता चाकू किसने मारी है। वह तो दमोह में अपनी रिश्ते की एक बहन से मिलने आया था। वहीं जिस गन्ने के ठेले पर चाकू बाजी की घटना हुई है।

दुकान संचालक ने भी बताया कि युवक-युवती उसके यहां जूस पी रहे थे। तभी युवती के भाई ने युवक को चाकू मार दी। घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लोगों ने उसका इलाज कराया और अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस में किसी प्रकार की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।