मुरैना में महिला की गोली मारकर हत्या:मासूम बेटी बोली- आंखों के सामने मारी दो गोलियां, इंस्टाग्राम रील्स से जुड़ा एंगल आया सामने; पुलिस जांच में जुटी
23 October 2026 • 09:12 am

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अम्बाह से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ खजूरी रोड स्थित एक घर में घुसकर बदमाशों ने इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने वाली एक विवाहिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गंभीर हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई थी, जिसका पिछले आठ दिनों से अम्बाह, मुरैना और ग्वालियर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था। आखिरकार, इलाज के दौरान गुरुवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है, वहीं मृतका की मासूम बेटियों के बयानों ने इस पूरे हत्याकांड को और अधिक रहस्यमय बना दिया है।
बेटी ने बताई आंखों देखी दास्तां- हाथ-पेड़ जोड़े, लेकिन हमलावर ने नहीं सुनी
मृतका अर्चना तोमर की बड़ी बेटी साक्षी तोमर ने मीडिया से बात करते हुए इस खौफनाक वारदात की पूरी आंखों देखी सुनाई। साक्षी ने बताया कि वह उस समय ट्यूशन से लौटकर अपनी स्कूटी निकाल रही थी, तभी कुछ अज्ञात लोग घर के अंदर दाखिल हुए। एक युवक गेट के पास खड़ा रहा, जबकि दूसरा सीधे उस कमरे में जा घुसा जहाँ उसकी मां अर्चना मौजूद थीं। साक्षी ने बताया कि उसने हमलावर के सामने हाथ-पेड़ जोड़े और उसे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन क्रूर हमलावर ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसकी मां पर गोलियां चला दीं। एक गोली लगते ही मां नीचे गिर गईं, जिसके बाद आरोपी ने उन्हें दूसरी गोली भी मार दी।

दूसरी बेटी दीपाली ने बताया कि नीली टी-शर्ट पहने हुए वह युवक सीधे अंदर वाले कमरे में गया था, जहाँ मां अपने तीन बच्चों के साथ थीं, जबकि उनकी दादी दूसरे कमरे में सो रही थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से गली से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल अर्चना को पहले अम्बाह सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरैना जिला अस्पताल और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने शव अम्बाह लाकर सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें समझाकर शांत कर दिया।

इंस्टाग्राम रील्स और पुरानी रंजिश के एंगल पर पुलिस की जांच
मृतका अर्चना तोमर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर रील्स बनाती थीं। उनकी कई रील्स में प्यार, आत्मसम्मान, अपनेपन और कई तीखे संदेश लिखे हुए थे। उनकी सबसे आखिरी रील में यह संदेश था कि "घमंड नहीं, गुरूर है खुद पर, आज तक किसी के पैसे देखकर इंप्रेस नहीं हुई।" इन तमाम पोस्ट और रील्स के सामने आने के बाद पुलिस अब इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड का कोई संबंध सोशल मीडिया, किसी पुराने विवाद या प्रेम प्रसंग से तो नहीं जुड़ा है।
पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध चेहरे नजर आए हैं, जिनकी पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा परिवार के सदस्यों व संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मििस्ट्री को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

