फेसबुक शिकायत के बाद एक्शन में दमोह कलेक्टर, ओवररेट शराब बेचने वाली दुकान का लाइसेंस निरस्त
4 June 2026 • 09:33 am

दमोह। जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वयं हटा नाका क्षेत्र स्थित शराब दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित शराब दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं कि शराब दुकानों पर निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। शिकायतों के आधार पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव मौके पर पहुंचे और शराब दुकान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान निर्धारित स्थान पर संचालित नहीं हो रही थी। इसके अलावा शराब की बिक्री तय दरों से अधिक कीमत पर की जा रही थी। दुकान पर आवश्यक सूचना बोर्ड भी नहीं लगाए गए थे तथा बिक्री एवं स्टॉक से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड का उचित संधारण नहीं किया गया था।
कलेक्टर ने इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए संबंधित शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर मौजूद आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि आम नागरिकों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि शराब दुकानों पर मनमानी की जा रही है और निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है। प्रशासन ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद जिले में शराब दुकानों के संचालन को लेकर प्रशासन का सख्त रुख स्पष्ट हो गया है। वहीं आम नागरिकों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन की तत्परता की स
राहना की है।

