Aacharan News
चुनाव 1 day ago

राज्यसभा चुनाव: बिना वोटिंग के चुग, अग्रवाल और केवट जाएंगे सदन मप्र से भाजपा के तीनों उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध जीते

11 June 2026 04:59 pm

भोपाल- मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया का समय पूरा होने के बाद तीनों नवनिर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिए। कांग्रेस ने अपनी याचिका में रिटर्निंग अधिकारी के निर्णय को निरस्त करने और नामांकन को वैध घोषित करने की मांग की है।

हालांकि नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य उम्मीदवार के मैदान में न रहने के कारण मतदान की स्थिति नहीं बनी और सभी औपचारिकताएं नियमों के अनुसार पूर्ण कर ली गईं। जिसके बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया और आज उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए।

राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनका नामांकन पत्र नौ जून को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस ने इस निर्णय को चुनौती देते हुए निर्वाचन आयोग और उच्चतम न्यायालय का रुख किया था।

वही कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नामांकन निरस्त करने का निर्णय गैरकानूनी, मनमाना और पक्षपातपूर्ण तरीके से लिया गया। इसी संबंध में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली में निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि आयोग की ओर से इस संबंध में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

उधर, उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण के विरुद्ध दायर याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी है। सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया और चुनाव परिणाम घोषित करने पर रोक लगाने की मांग की थी।