Aacharan News
मध्यप्रदेश about 1 month ago

#गुना - प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, गुना में अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास

10 May 2026 06:55 pm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी प्रकार के उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा दिया जा रहा है और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। गुना जिले में अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

गुना में अडाणी समूह द्वारा स्थापित की जा रही सीमेंट इकाई के प्रथम चरण में 1060 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। 32 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाली इस इकाई में लगभग 4 मिलियन टन उत्पादन क्षमता विकसित होगी तथा करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल, जो कभी दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाना जाता था, अब विकास और प्रगति की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने गुना क्षेत्र के लिए सिंचाई, पानी, बिजली और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुनिया नदी पुनर्जीवन योजना के लिए 80 करोड़ 22 लाख रुपये का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने, पार्वती नदी पर 42 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण तथा भुजारिया तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना से युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने गुना क्षेत्र में चल रहे सड़क, रेल, सिंचाई और जल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

अडाणी समूह के प्रणव अडाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक माहौल लगातार मजबूत हो रहा है और समूह द्वारा भविष्य में भी बड़े निवेश किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1189 करोड़ रुपये लागत के 145 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया।