दतिया उपचुनाव में सियासी हलचल तेज: नरोत्तम मिश्रा ने खरीदा नामांकन पत्र, कांग्रेस में भी टिकट को लेकर मंथन
8 July 2026 • 12:49 pm

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीद लिया, जिसके बाद उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि भाजपा ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है।
वहीं कांग्रेस खेमे में भी टिकट को लेकर मंथन जारी है। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा है कि यदि पार्टी चाहे तो उनके परिवार के बजाय किसी अन्य योग्य नेता को भी उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस जिसे भी मैदान में उतारेगी, वे उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।

बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा, वेदराम कुर्मी और हंसमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इसके साथ ही तीन दिनों में नामांकन फॉर्म लेने वालों की कुल संख्या 9 हो गई है। पहले दिन आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव और केशव यादव ने फॉर्म खरीदे थे, जबकि मंगलवार को कांग्रेस नेता अवधेश नायक के साथ हरदास और रामसिंह ने भी नामांकन पत्र लिए थे।
राजेंद्र भारती के बयान के बाद कांग्रेस में अवधेश नायक और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान टिकट को लेकर संभावित अंतर्विरोध और दावेदारों की नाराजगी से बचने की रणनीति भी हो सकता है।
फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। ऐसे में दतिया उपचुनाव का मुकाबला किसके बीच होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी
हुई हैं।

