Aacharan News
दमोह 21 days ago

दमोह में थाना अभिरक्षा से आरोपी फरार, झोलाछाप डॉक्टर पर नाबालिग की मौत का था आरोप

7 July 2026 12:38 pm

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रनेह थाना क्षेत्र से पुलिस अभिरक्षा में रखा गया एक आरोपी थाने के अंदर से ही फरार हो गया। आरोपी पर गलत इलाज के कारण एक नाबालिग बच्ची की मौत का आरोप है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश में विशेष टीमें जुटी हुई हैं।

फरार आरोपी की पहचान लीलाधर चौधरी, उम्र 35 वर्ष, निवासी बमनपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कथित रूप से झोलाछाप डॉक्टर है। उस पर आरोप है कि उसने करीब दो महीने पहले एक नाबालिग बच्ची का गलत इलाज किया था, जिसके बाद बच्ची की मौत हो गई थी। इस घटना से नाराज परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 37/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। सोमवार रात आरोपी को पूछताछ के लिए रनेह थाना लाया गया था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागते समय आरोपी थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब आरोपी थाने के अंदर पुलिस अभिरक्षा में था, तो वह फरार कैसे हो गया? क्या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही थी? क्या थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी? या फिर इस पूरे मामले में किसी की मिलीभगत की आशंका है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस को देने होंगे।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी लीलाधर चौधरी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने पर नया मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं और उसकी तलाश लगातार जारी है। साथ ही, पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी पुलिसकर्मी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और इस गंभीर लापरवाही के जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।