Aacharan News
छतरपुर about 1 month ago

बम्होरी में पेट्रोल बम से दहशत, सीसीटीव्ही में कैद हुई वारदात, छह दिन बाद भी आरोपी फरार

18 June 2026 10:46 pm

बक्स्वाहा। जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में अज्ञात बदमाशों द्वारा पेट्रोल बम फोड़कर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बम्होरी निवासी केशव बिल्थरे और मनोज बिल्थरे के घर के सामने देर रात कुछ अज्ञात बदमाश पहुंचे और पेट्रोल बम फोड़कर क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने बम्होरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। छह दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि गांव में पुलिस चौकी होने के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आसानी से बच निकलते हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।