नीट परीक्षा धांधली के खिलाफ सागर में युवा कांग्रेस का शंखनाद
13 May 2026 • 02:11 pm

सागर जिला युवा कांग्रेस ने नीट यू.जी. 2026 परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय गर्ल्स डिग्री कॉलेज चौराहे पर आयोजित इस विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र नारेबाजी की और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक की निरंतर घटनाओं ने लाखों परीक्षार्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने इसे लाखों परिवारों के सपनों के साथ क्रूर मजाक बताते हुए मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच माननीय उच्चतम न्यायालय की सीधी निगरानी में होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव और युवा जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नकल माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। उन्होंने सरकार से दोषियों पर कठोरतम कार्यवाही करने और भविष्य के लिए 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाने की पुरजोर वकालत की।

विरोध प्रदर्शन में संगठन के विभिन्न पदों पर आसीन नेताओं सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से एड. निखिल चौकसे, राहुल चौबे, सागर साहू, रोहित वर्मा और एड. प्रणव प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे और आक्रोश व्यक्त किया। इसके अलावा वरिष्ठ नेता राकेश राय, सिंटू कटारे, मार्शल खान, अरविंद पंथी, ऋचा सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी नेताओं ने एक स्वर में चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता और माफियाओं पर सख्त लगाम नहीं लगती, युवा कांग्रेस सड़कों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

