Aacharan News
छतरपुर 5 days ago

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया वृक्षारोपण

8 June 2026 03:00 am

छतरपुर- रविवार को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 8 स्थित बगराजन माता मंदिर प्रांगण में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं नागरिकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता एवं हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत पठापुर एवं ग्राम मोरहा में आयोजित सांसद चौपाल में सहभागिता की। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रमों के दौरान जनसंवाद, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।