बागेश्वर धाम में श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत
18 June 2026 • 10:44 pm

छतरपुर। प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थल बागेश्वर धाम में एक श्रद्धालु की मृत्यु के बाद मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मुंबई के आयरोली निवासी 63 वर्षीय सतीश कामद की दो दिन पूर्व बागेश्वर धाम स्थित राम दरबार में दर्शन के दौरान अचानक हृदयाघात आने से मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बागेश्वर धाम पुलिस चौकी ने तत्परता दिखाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेजा, जहां उसे सुरक्षित रखा गया। सूचना पर मृतक की पत्नी स्नेह कामद, बेटी कृतिका कामद और भाई दिनेश कामद मुंबई से छतरपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद सागर रोड स्थित भैंसासुर मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में प्रधान आरक्षक रविंद्र मिश्रा, पत्रकार विनोद मिश्रा तथा जिला अस्पताल के कर्मचारी गोविंद और संजय सहित अन्य लोगों ने कंधा देकर सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता का परिचय दिया। मृतक के भाई दिनेश कामद ने मुखाग्नि दी। मृतक की बेटी कृतिका कामद ने बताया कि उनके पिता की अंतिम इच्छा थी कि उनकी अंतिम सांस बागेश्वर धाम में निकले और उन्हें पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद प्राप्त हो। वहीं पत्नी स्नेह कामद ने बताया कि सतीश कामद का बागेश्वर धाम से विशेष लगाव था और वे समय-समय पर यहां सेवा कार्यों में भी भाग लेते थे। परिस्थितियों को देखते हुए परिवार ने छतरपुर में ही अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा दिया गया सहयोग परिवार के लिए संबल बना। यह घटना दुख की घड़ी में समाज की एकजुटता और इंसानियत का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई।

