Aacharan News
छतरपुर about 1 month ago

चुनाव आयोग के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा की अर्थी यात्रा, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

18 June 2026 10:45 pm

छतरपुर। कांग्रेस महिला मोर्चा ने गुरुवार को चुनाव आयोग के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर में अर्थी यात्रा निकाली। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई यह यात्रा डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक अर्थी फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान राम नाम सत्य है के नारों से माहौल गूंज उठा। महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हाथों में मटकी और कंधों पर अर्थी लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में आयोग विफल रहा है। कांग्रेस नेत्री दीप्ति पांडे ने कहा कि मशीनों में कथित गड़बड़ी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस लगातार विरोध करती रहेगी। प्रदर्शन में दीप्ति पांडे, धीरज मिश्रा, चंद्रमुखी चौरसिया सहित कांग्रेस महिला मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला भी पूरे समय मौके पर तैनात रहा।